
हाथरस 08 मई । जिला युवा अधिकारी मनीष कुमार ने जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुवराज यादव से शिष्टाचार भेंट कर युवाओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) एवं भारतीय खाद्य निगम (FCI) की कार्यप्रणाली से अवगत कराने के उद्देश्य से 5 दिवसीय एक्सपीरिएंशियल लर्निंग प्रोग्राम प्रारंभ किए जाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान युवाओं को सरकारी व्यवस्थाओं की व्यवहारिक जानकारी प्रदान करने तथा उन्हें प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। प्रस्तावित कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को खाद्यान्न भंडारण, वितरण प्रणाली, पारदर्शिता व्यवस्था तथा लाभार्थियों तक खाद्यान्न पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव कराया जाएगा। जिला युवा अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना है। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुवराज यादव ने भी इस पहल को उपयोगी बताते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
उक्त 5 दिवसीय एक्सपीरिएंशियल लर्निंग प्रोग्राम के माध्यम से युवाओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी प्रशासनिक समझ और सहभागिता को बढ़ावा मिलेगा।


























