
हाथरस 08 मई । राजधानी के जन भवन में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में हाथरस के श्री रामेश्वर दास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर सुषमा यादव ने प्रतिभाग किया और संस्थान की प्रगति का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। प्रो. यादव ने बैठक के दौरान महाविद्यालय में छात्राओं की बढ़ती संख्या, पारदर्शी प्रवेश प्रक्रिया, ऑनलाइन शिक्षण व्यवस्था और पुस्तकालय के डिजिटलीकरण जैसे नवाचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए वोकेशनल कोर्स और कौशल विकास कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन कर रहा है, जिसकी उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सराहना करते हुए इसे अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणादायक बताया।
समीक्षा के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों को केवल डिग्री देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने महाविद्यालयों को समाज और उद्योगों के सहयोग से नए संसाधन विकसित करने, नैक (NAAC) मूल्यांकन को गंभीरता से लेने और विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाशाली छात्राओं को बेहतर अवसर व शैक्षणिक माहौल प्रदान करने पर जोर दिया। बैठक में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, अपर मुख्य सचिव सुधीर एम. बोबडे, विशेष सचिव बद्रीनाथ सिंह और राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एन.बी. सिंह सहित विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।























