Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 मई । आगरा रोड स्थित शिव कॉलोनी के राधा विद्या मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। वैष्णवाचार्य परम पूज्य उपेंद्रनाथ चतुर्वेदी महाराज अपनी मधुर वाणी से कथा का रसपान करा रहे हैं। कथा के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आ रहा है। कथा व्यास उपेंद्रनाथ चतुर्वेदी महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव जीवन को सत्य, सेवा, संस्कार और सदाचार की ओर प्रेरित करने वाला दिव्य ज्ञान यज्ञ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब-जब समाज में नैतिक मूल्यों का पतन होता है, तब भगवान की कथाएं ही मनुष्य को धर्म और मानवता का सही मार्ग दिखाती हैं। भागवत श्रवण से मन की अशांति दूर होती है और जीवन में प्रेम व करुणा का संचार होता है। महाराज श्री ने युवाओं से अपील की कि वे अपनी भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से गहराई से जुड़ें।

कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कासगंज कोऑर्डिनेटर चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने शिरकत की। उन्होंने व्यास गद्दी का पूजन कर महाराज श्री को पीत वस्त्र ओढ़ाकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि भागवत कथा भारतीय संस्कृति की जीवंत धरोहर है, जो समाज को आध्यात्मिक चेतना और आपसी सद्भाव का संदेश देती है। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से परिचित कराने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। सम्मान कार्यक्रम के दौरान पंडित अविनाश चंद्र पचौरी, पंडित जयशंकर पाराशर और कपिल नरूला प्रमुख रूप से मौजूद रहे। कथा के मुख्य परीक्षित एवं संयोजक महेश तिवारी और रजनी वाला हैं। व्यवस्थाओं का उत्तरदायित्व श्री कृष्णा गौतम द्वारा संभाला जा रहा है। कथा श्रवण करने वालों में नित्यानंद शर्मा, केडी शर्मा, हरिश्चंद्र, विनोद शुक्ला, गंगासहाय उपाध्याय, शशि शर्मा, बलबीर सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page