
हाथरस 07 मई । सिकंदराराऊ के मोहल्ला मटकोटा निवासी डांस ट्रेनर बिलाल द्वारा हिंदू लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने लड़की को बरामद कर लिया है। हालांकि आरोपित मुस्लिम डांस ट्रेनर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस ने लड़की का मेडिकल कराकर बयान दर्ज किए और उसे हाथरस स्थित वन स्टाप सेंटर भेज दिया है। तीन दिन पूर्व देर रात भूतेश्वर कालोनी स्थित डांस क्लास में ट्रेनर बिलाल एक हिंदू लड़की को बहला-फुसलाकर ले गया था। डांस क्लास के बराबर गिहारा बस्ती की रहने वाली लड़की के गायब होने पर आक्रोशित स्वजन ने आरोपित के घर पर हंगामा किया था। लड़की की मां की तहरीर पर कोतवाली में आरोपित बिलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। दो दिन तक लड़का-लड़की का पता न चलने पर बुधवार शाम भाजपा और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा से मुलाकात कर तीन दिन में बरामदगी की चेतावनी दी थी। इसके बाद पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लड़की को बरामद कर लिया। सीओ सिकंदराराऊ हिमांशु माथुर ने बताया कि किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के संबंध में स्वजन की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीमों के अथक प्रयासों से 48 घंटे के अंदर लड़की सकुशल बरामद हो गई है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।


























