
सादाबाद 07 मई । विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति दुर्गावाहिनी प्रखंड सादाबाद के तत्वाधान में सीता नवमी के पावन पर्व पर एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कूपा गली स्थित सरस्वती शिशु मंदिर और श्री राधा कृष्ण मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर “जय श्रीराम” और “जय माँ जानकी” के उद्घोषों से गुंजायमान रहा।मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित दुर्गावाहिनी की जिला संयोजिका महक रावत ने माँ जानकी के आदर्श जीवन, उनके त्याग, धैर्य और संस्कारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि मातृशक्ति ही सनातन संस्कृति की सबसे मजबूत आधारशिला है। वर्तमान परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने प्रेम संबंधों के नाम पर होने वाले शोषण और जबरन धर्म परिवर्तन (लव जिहाद) जैसे गंभीर विषयों के प्रति समाज को जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने अपील की कि माताएं और बहनें धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के लिए सदैव सजग और संगठित रहें। कार्यक्रम का सफल आयोजन प्रखंड संयोजिका मनू शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने बेटियों को अपनी शक्ति पहचानने और संस्कारों के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में क्षेत्र की संभ्रांत महिलाओं और दुर्गावाहिनी की कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।





















