
हाथरस 07 मई । उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के आह्वान पर गुरुवार को व्यापारियों ने व्यवसायिक गैस सिलेंडर की आसमान छूती कीमतों और किल्लत के विरोध में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष मनोज अग्रवाल और प्रदेश युवा महामंत्री संजीव अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। व्यापारियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 1 मई 2026 से कमर्शियल गैस के दाम अचानक 977 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ा दिए गए हैं, जिससे अब एक सिलेंडर की कीमत 3171 रुपये हो गई है। इस बेतहाशा वृद्धि से कुटीर उद्योग, होटल, ढाबा, कैटरिंग और रेहड़ी-पटरी वालों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के समक्ष 9 सूत्रीय मांगें रखी हैं, जिसमें प्रमुख रूप से कमर्शियल गैस सिलेंडर की दरें तुरंत वापस लेने, जीएसटी दर को 18% से घटाकर 5% करने और घरेलू सिलेंडर की तर्ज पर कमर्शियल सिलेंडर की बुकिंग भी ऑनलाइन सुनिश्चित करने की मांग की गई है। युवा जिलाध्यक्ष नवीन गुप्ता और युवा नगर अध्यक्ष आकाश गोयल ने कहा कि अस्पतालों, स्कूलों और शादी-समारोहों के लिए मांग के अनुसार गैस उपलब्ध कराई जानी चाहिए। साथ ही, गैस की कमी को देखते हुए उद्योगों को पुराने वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल के लिए पॉल्यूशन विभाग और एनजीटी के नियमों में 5 वर्ष की छूट देने की मांग भी उठाई गई है।
व्यापारियों ने यह भी मांग की कि गोदाम से डिलीवरी लेने पर भाड़े की राशि बिल में कम की जाए ताकि इसका सीधा लाभ उपभोक्ता को मिल सके। ज्ञापन देने वालों में युवा महामंत्री यश राठी सहित भारी संख्या में व्यापारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही महंगाई और कालाबाजारी पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो व्यापारी वर्ग बड़े आंदोलन के लिए विवश होगा।


























