
हाथरस 07 मई । शासन और जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में मिलावटखोरी के विरुद्ध व्यापक अभियान छेड़ दिया है। सहायक आयुक्त (खाद्य-द्वितीय) डॉ. रणधीर सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए। इस दौरान बिजुमल गिजोमल कंपाउंड स्थित कार्तिकेय एंटरप्राइजेज से ‘न्यूट्री प्लस’ ब्रांड रिफाइंड सोयाबीन ऑयल का नमूना लिया गया। वहीं, संजय वनस्पति स्टोर से ‘मंगला’ ब्रांड मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल और ‘सोनपरी’ ब्रांड फोर्टीफाइड कच्ची घानी सरसों के तेल के नमूने जांच हेतु लिए गए।
अभियान के तहत नवल नगर में लक्ष्य ट्रेडर्स के यहाँ से संदेह के आधार पर हींगवटी का नमूना लिया गया। इसके अतिरिक्त, एक शिकायत का संज्ञान लेते हुए टीम सिकंदराराऊ तहसील पहुंची, जहाँ नगर पालिका के पास स्थित जीनत लस्सी एवं टी स्टाल से तैयार लस्सी का नमूना लिया गया। विभाग द्वारा सभी संकलित नमूनों को राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया गया है। सहायक आयुक्त ने बताया कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। छापामार टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विकास, सुरेंद्र कुमार गोंड, पारुल सिंह और करतार सिंह मुख्य रूप से शामिल रहे। विभाग ने चेतावनी दी है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


























