
हाथरस 07 मई । उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस ने आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के दृष्टिगत ऋण निपटान के लिए विशेष अभियान की घोषणा की है। बैंक ने उन ग्राहकों के लिए राहत का हाथ बढ़ाया है जो किन्हीं कारणों से अपने ऋण की किश्तें समय पर जमा नहीं कर पाए और जिनके खाते एक वर्ष पूर्व ‘एनपीए’ (NPA) श्रेणी में आ चुके हैं। क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक महाप्रबंधक आर. एस. वर्मा ने बताया कि बैंक प्रबंधन ऐसे ग्राहकों को पुराने ऋण खाते बंद करने पर नियमानुसार आकर्षक छूट (Settlement) प्रदान कर रहा है। यह योजना उन लोगों के लिए बेहतरीन मौका है जो अपने बैंक रिकॉर्ड सुधार कर भविष्य के लिए वित्तीय बोझ से मुक्त होना चाहते हैं।
सहायक महाप्रबंधक ने आगे जानकारी दी कि बैंक का उद्देश्य ग्राहकों को कानूनी उलझनों से बचाते हुए उन्हें अधिकतम राहत देना है। राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने के लिए ग्राहक दीवानी कचहरी, हाथरस या अपनी संबंधित बैंक शाखा के प्रबंधक से संपर्क कर उपलब्ध छूट की जानकारी ले सकते हैं। विशेष सुविधा के तहत तहसील सिकंदराराऊ क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं के ग्राहकों के लिए सिकंदराराऊ शाखा पर एक अतिरिक्त काउंटर भी लगाया जा रहा है। बैंक ने सभी संबंधित ग्राहकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर आपसी सहमति से अपने खातों का निस्तारण कराएं। बैंक ने स्पष्ट किया है कि छूट का लाभ केवल बैंक के निर्धारित मानकों के तहत पात्र खाताधारकों को ही दिया जाएगा । अधिक जानकारी के लिए ग्राहक अपनी शाखा में संपर्क कर सकते हैं ।


























