
हाथरस 06 मई । पूर्वोत्तर रेलवे के गोंडा मंडल में तीसरी लाइन के निर्माण कार्य के कारण रेल यातायात प्रभावित होने वाला है, जिससे हाथरस के रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह के अनुसार, जून और जुलाई माह में अमृतसर-कटिहार और मथुरा-छपरा एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। हाथरस जंक्शन पर रुकने वाली अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस अब गोंडा, देवरिया और गोरखपुर जैसे स्टेशनों पर नहीं रुकेगी, वहीं हाथरस सिटी स्टेशन पर ठहराव रखने वाली मथुरा-छपरा एक्सप्रेस अब अपने निर्धारित मार्ग के बजाय प्रयागराज और वाराणसी होकर चलाई जाएगी। इस निर्माण कार्य के चलते कुछ ट्रेनों को निरस्त भी किया जा सकता है, जिसे देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे असुविधा से बचने के लिए यात्रा से पूर्व अपडेटेड समय-सारणी और मार्ग की जांच अवश्य कर लें।























