
हाथरस 04 मई । नानऊ रोड स्थित खिटौली पेट्रोल पंप के पास सोमवार शाम बाइक और ईको कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार समेत चार लोग घायल हो गए। मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया और एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। 20 वर्षीय सुमित कुमार अपने 35 वर्षीय भाई नागेंद्र निवासी नगला रंजीता, थाना अकराबाद के साथ बाइक से सासनी आ रहा था। खिटौली पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही सामने से आ रही ईको गाड़ी से बाइक की सीधी टक्कर हो गई। ईको में सवार 21 वर्षीय क्रांति कुमार, उसका 30 वर्षीय भाई विशाल निवासी कटेरा आलमपुर, थाना विजयगढ़ और 16 वर्षीय निर्देश निवासी अलवर, राजस्थान गंभीर रूप से घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद सुमित कुमार की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कालेज अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। क्रांति और विशाल को जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं, निर्देश का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक हादसे की कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।

























