
हाथरस 04 मई । थाना सहपऊ क्षेत्र के गांव नगला रामी में सरकारी नल पर समर चलाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोपितों ने मैक्स गाड़ी की राड और डंडे से पीटकर युवक का सिर फोड़ दिया। नाक-मुंह से खून बहने लगा। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया, तब आरोपित जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। नगला रामी निवासी रामसिंह ने थाना सहपऊ में तहरीर दी है। तहरीर के अनुसार, दो मई की शाम वह घर के बाहर लगे सरकारी नल पर पानी भरने गया था। आरोप है कि नल में हाकिम सिंह और उसके चाचा राजवीर सिंह ने समर सबमर्सिबल डाल रखी है और उसका स्टार्टर घर के अंदर कर लिया है। रामसिंह ने समर चलाने के लिए जैसे ही बिजली का तार लगाना चाहा, वहां पहले से मौजूद ब्रजेश और हाकिम ने मना कर दिया। दोनों गाली-गलौज करने लगे। गाली देने से मना करने पर ब्रजेश ने मैक्स गाड़ी की राड से सिर पर वार कर दिया। हाकिम सिंह ने डंडे से पिटाई कर जमीन पर गिरा दिया। हमले में रामसिंह के सिर में गंभीर चोट आई और नाक-मुंह से खून बहने लगा। चीख-पुकार सुनकर गांव के सतेंद्र और शीलेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने शिकायत पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है।

























