
सासनी 04 मई । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत का उत्साह सासनी में एक बेहद अनूठे अंदाज में देखने को मिला। सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने केवल मिठाई ही नहीं बांटी, बल्कि बंगाल के प्रसिद्ध व्यंजन ‘झालमुड़ी’ का वितरण कर अपनी खुशी का इजहार किया। भाजपा नेता प्रेमपाल सिंह सोलंकी एवं अभिनाश तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता बड़ी संख्या में झालमुड़ी लेकर सासनी बस स्टैंड पहुंचे। वहां उन्होंने मोटरसाइकिल सवारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को रोक-रोककर झालमुड़ी खिलाई और उन्हें बंगाल में ‘कमल’ खिलने की बधाई दी। कार्यकर्ताओं का कहना था कि चूंकि जीत बंगाल की है, इसलिए जश्न का अंदाज भी बंगाली होना चाहिए। इस दौरान पूर्व चेयरमैन लालता प्रसाद माहौर, आलोक वार्ष्णेय, सोमेश सोलंकी, हरेंद्र सिंह, भूरा मास्टर, सतीश पुंडीर, राजेश वार्ष्णेय, डब्बू और जग्गू आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर, भाजपा मंडल अध्यक्ष आकाश सिंह के नेतृत्व में भी विजय उत्सव मनाया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर जीत की खुशी साझा की। इस कार्यक्रम में हरीशंकर वार्ष्णेय, विक्रम सिंह, भानू जादौन, हरेंद्र सिंह उर्फ भूरा मास्टर, आकाश वार्ष्णेय और बबलू सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे। पूरे क्षेत्र में भाजपाइयों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया।


























