
हाथरस 04 मई । कोतवाली चंदपा क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक मात्र पांच हजार रुपये की शर्त जीतने के लिए निर्वस्त्र होकर पूरे मोहल्ले में घूमता दिखाई दे रहा है। इस घिनौनी हरकत के पीछे ग्राम प्रधान पति और एक अन्य युवक का नाम सामने आ रहा है, जिन्होंने कथित तौर पर यह शर्त लगवाई थी।मिली जानकारी के अनुसार, गांव में चर्चा है कि चंदपा ग्राम प्रधान पति और मोहल्ले के एक अन्य युवक ने पीड़ित युवक से पांच हजार रुपये की शर्त लगाई थी कि वह निर्वस्त्र होकर गांव की गलियों में घूमे। शर्त को पूरा करने के चक्कर में युवक ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं और आपत्तिजनक स्थिति में मोहल्ले में घूमने लगा। इस घटना का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।

गांव की महिलाओं ने इस घटना को महिलाओं की गरिमा और सामाजिक परिवेश पर हमला बताते हुए चंदपा कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। महिलाओं के भारी विरोध को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। पुलिस ने प्रधान पति और घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है। इस मामले में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है, जिसमें एक युवक की गिरफ्तारी हुई है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) सादाबाद, जे.एन. अस्थाना ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि इस प्रकार की अश्लीलता और घिनौनी हरकतें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

























