Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 04 मई । आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-509) के चौड़ीकरण और निर्माण कार्य में हो रही देरी पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि लंबित कार्यों को तत्काल पूर्ण किया जाए ताकि आमजन को जल्द इस राजमार्ग का लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने तहसीलवार समीक्षा करते हुए संबंधित उप जिलाधिकारियों (SDM) और एनएचएआई की टीम को संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन किसानों की भूमि अधिग्रहित की गई है, उन्हें प्रतिकर (मुआवजे) का भुगतान पूरी पारदर्शिता और निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि मुआवजे के भुगतान में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में डीएम ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर भुगतान प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहां तत्काल प्रभाव से निर्माण हेतु भूमि पर कब्जा परिवर्तन की कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी मामले में विवाद या आपत्ति है, तो उसका त्वरित समाधान निकाला जाए ताकि परियोजना प्रभावित न हो। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित किसानों से निरंतर संवाद बनाए रखने की सलाह दी ताकि किसी प्रकार की भ्रांति न रहे। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि एनएच-509 जनपद के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, उप जिलाधिकारी सदर, सादाबाद, सासनी और एनएचएआई के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page