
हाथरस 04 मई । उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष विनय कुमार-तृतीय के निर्देशानुसार, आगामी 09 मई, 2026 को जनपद में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण और सम्मन/नोटिसों की तामीला की समीक्षा हेतु अपर जनपद न्यायाधीश व नोडल अधिकारी प्रशान्त कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान नोडल अधिकारी प्रशांत कुमार ने अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रकाश चन्द्र को निर्देश दिए कि राजस्व एवं अन्य विभागों के लंबित वादों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें। अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द प्रसाद कुशवाह के साथ हुई वार्ता में उन्होंने जोर दिया कि न्यायालय द्वारा जारी किए जाने वाले सम्मन और नोटिसों की तामीला पुलिस विभाग द्वारा समय पर की जाए और रिपोर्ट नियमित रूप से संबंधित न्यायालयों को प्रेषित की जाए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव जयहिन्द कुमार सिंह की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में विद्युत विभाग और बैंकिंग क्षेत्र पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अधिशासी अभियन्ता संदीप सिंह व नोडल अधिकारी लवकुमार को विद्युत अधिनियम के तहत आने वाले वादों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, अग्रणी जिला प्रबन्धक राजीव कुमार को बैंकों के प्रिलिटिगेशन और एन.पी.ए. (NPA) श्रेणी के मामलों को लोक अदालत के माध्यम से सुलझाने के लिए निर्देशित किया गया। नोडल अधिकारी ने कहा कि लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आपसी समझौते के माध्यम से वादकारियों को सस्ता और सुलभ न्याय दिलाना है। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे आपसी समन्वय स्थापित कर इस आयोजन को सफल बनाएं।
























