
हाथरस 04 मई । लखनऊ विधानसभा में आयोजित ‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट’ में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर लौटीं जनपद की दो होनहार बेटियों साधना वार्ष्णेय और वंदना वार्ष्णेय का हाथरस आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया। युवा जोश ग्रुप टीम द्वारा जामा मस्जिद चौराहा स्थित एक प्रतिष्ठान पर आयोजित सम्मान समारोह में दोनों बहनों को माला, दुपट्टा और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। नेहरू युवा केंद्र हाथरस के तत्वावधान में आयोजित त्रिस्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इन दोनों बहनों ने लखनऊ में आयोजित बजट सत्र के तीन दिवसीय कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। विधानसभा भवन के ऐतिहासिक अनुभव साझा करते हुए साधना और वंदना ने बताया कि इस मंच के माध्यम से उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को करीब से समझने और विकसित भारत के संकल्प पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिला। सम्मान समारोह के दौरान युवा जोश ग्रुप के अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय (सहपऊ वाले) और रमन गुप्ता ने कहा कि वंदना और साधना ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे वार्ष्णेय समाज और हाथरस शहर का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है। राज्य सरकार के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतंत्र से जोड़ना है, जिसमें हाथरस की इन बेटियों ने सफलता प्राप्त कर आने वाली पीढ़ी की बेटियों के लिए प्रेरणा पेश की है। इस अवसर पर अनिल वार्ष्णेय, हरिराम वार्ष्णेय, डॉ. इंद्र वार्ष्णेय, स्वदेश वार्ष्णेय, नरेंद्र वार्ष्णेय, अनीता वार्ष्णेय, आशा वार्ष्णेय, तरुण पंकज, रवि वार्ष्णेय और हर्ष वार्ष्णेय सहित वार्ष्णेय समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
























