
हाथरस 03 मई । जनपद हाथरस की 29वीं वर्षगांठ रविवार को पूरे जनपद में उत्साह, श्रद्धा और गौरव के साथ उपाध्याय परिवार के सदस्यों द्वारा अपने कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के साथ मनाई गई। मुख्य आयोजन श्री दाऊ जी महाराज मंदिर परिसर में संपन्न हुआ, जहां फूल बंगला सजावट, छप्पन भोग एवं विशाल प्रसादी वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस अवसर पर जनपद के जनक एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामवीर उपाध्याय को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके योगदान को विस्तार से याद किया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. रामवीर उपाध्याय का नाम हाथरस के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने उस समय की राजनीतिक परिस्थितियों में भी जनहित को सर्वोपरि रखते हुए साहसिक निर्णय लिया। बताया गया कि जब हाथरस को जनपद बनाने की मांग जोर पकड़ रही थी, तब उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती के समक्ष स्पष्ट रूप से यह शर्त रखी कि यदि हाथरस को जिला नहीं बनाया गया तो वह अपने पद पर बने रहना उचित नहीं समझेंगे। उनकी इस दृढ़ इच्छाशक्ति और त्यागपूर्ण निर्णय के चलते 3 मई 1997 को हाथरस को जनपद का दर्जा प्राप्त हुआ। वक्ताओं ने कहा कि यह केवल प्रशासनिक उपलब्धि नहीं थी, बल्कि क्षेत्र के लाखों लोगों की भावनाओं और विकास की आकांक्षाओं की जीत थी।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, आरती एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने छप्पन भोग के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिससे यह आयोजन एक जन-उत्सव का रूप लेता नजर आया। कई वक्ताओं ने कहा कि स्व. रामवीर उपाध्याय का जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण की मिसाल है। उनके द्वारा किए गए प्रयासों के कारण ही आज हाथरस एक स्वतंत्र जनपद के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे उनके आदर्शों को अपनाते हुए समाज और जनपद के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया और जनपद की उन्नति एवं समृद्धि की कामना की गई। कार्यक्रम का समापन प्रसादी वितरण के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।इस दौरान सीमारामवीर उपाध्याय (अध्यक्ष जिला पंचायत), विनोद उपाध्याय, रामेश्वर उपाध्याय (ब्लॉक प्रमुख),चिराग उपाध्याय, निधि सारस्वत, के०के० दीक्षित, गिरीश पचौरी, मुकेश दीक्षित, चंद्रपाल गोला, नंदकिशोर , रामा पहलवान, रामकिशन चौधरी ब्लॉक प्रमुख, विशाल सारस्वत,आकाश दीक्षित, वीरेश शर्मा, दीपक सारस्वत, समर सिंह जाटव, संजय डीएम, हेमंत गौतम, मथुरा प्रसाद गौतम, भगवती श्रोती, दिनेश दीक्षित, सतीश शर्मा, सुभाष शर्मा, कुंवर पाल जाटव पूर्व प्रधान, अरुण शर्मा, मनोज सोनी, पुष्पेंद्र प्रधान, सुधीर पचौरी, रामकुमार गौतम, अजय पचौरी, रविकिरन,डॉ० गोपाल चौधरी, रामेश्वर सारस्वत , सत्यप्रिय आर्य ,प्रभाकर शर्मा, सत्यपाल मदनावत, शिव सिंह लोधी, आर०सी०गोला, आदि के अलावा हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।


























