
हाथरस 03 मई । अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप सिंह तंवर द्वारा संगठन के विस्तार और समाज सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए हाथरस के मतेंद्र सिंह गहलोत को पुनः राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हतीसा भगवंतपुर निवासी मतेंद्र सिंह गहलोत को यह दायित्व उनके संगठन के प्रति समर्पण और सक्रियता को देखते हुए दिया गया है। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मतेंद्र सिंह गहलोत को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उम्मीद जताई कि वे पूरे राष्ट्र में क्षत्रिय समाज के हितों के लिए कार्य करेंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। उन्हें समाज को एकजुट करने और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए विशेष रूप से सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। मतेंद्र सिंह गहलोत को पुनः राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने की सूचना मिलते ही जनपद के क्षत्रिय समाज और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समाज के गणमान्य नागरिकों और पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी कार्यकुशलता से संगठन को राष्ट्र स्तर पर मजबूती मिलेगी। अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए मतेंद्र सिंह गहलोत ने कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उनका मुख्य लक्ष्य क्षत्रिय समाज के गौरव को पुनर्स्थापित करना और राष्ट्र निर्माण में समाज की भागीदारी सुनिश्चित करना होगा।




















