
हाथरस 03 मई । कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने अपने साथियों के साथ सुदूर हिमालय में स्थित पवित्र आदि कैलाश धाम के दर्शन कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान उन्होंने देश और प्रदेश की खुशहाली व सामाजिक समरसता के लिए प्रार्थना की। यात्रा से लौटने के बाद अनुभव साझा करते हुए श्री उपाध्याय ने बताया कि आदि कैलाश की यह यात्रा उनके जीवन की सबसे महत्वपूर्ण और अविस्मरणीय यात्राओं में से एक है। उन्होंने कहा कि वहां का नैसर्गिक सौंदर्य, हिमालय का शांत वातावरण और अटूट धार्मिक आस्था का संगम मन को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर देता है। भगवान शिव के दर्शन से उन्हें आत्मिक शांति और जनसेवा के लिए नई ऊर्जा की अनुभूति हुई है।
जिलाध्यक्ष ने इस पावन अवसर पर व्यक्तिगत कामनाओं से ऊपर उठकर देश की सुख-समृद्धि, शांति और आपसी भाईचारे के लिए महादेव से मंगलकामना की। उन्होंने विशेष रूप से हाथरस क्षेत्र की उन्नति, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए आशीर्वाद मांगा। विवेक उपाध्याय ने कहा कि ऐसी धार्मिक यात्राएं व्यक्ति को अहंकार से दूर कर अपने कर्तव्यों के प्रति और अधिक सजग बनाती हैं। उन्होंने संकल्प लिया कि वे क्षेत्र के विकास, जनता की समस्याओं के समाधान और सामाजिक एकता के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। इस पूरी यात्रा में उनके साथ मुख्य रूप से बंटी शर्मा, गगन गुप्ता, वीरेंद्र कुमार, मनीष माहेश्वरी उपस्थित रहे। सभी साथियों ने भी आदि कैलाश के सम्मुख माथा टेका और देश की खुशहाली के साथ-साथ समाज में एकता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।


























