Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 03 मई । मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. राजीव राय ने रविवार को सादाबाद ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊँचागांव और जैतई का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के तहत किए गए इस निरीक्षण के दौरान कहीं व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं तो कहीं लापरवाही पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई। सीएमओ डॉ. राजीव राय सबसे पहले पीएचसी ऊँचागांव पहुंचे। यहाँ निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमित चौहान, फार्मासिस्ट राजीव कुमार गर्ग और स्वीपर रेनू उपस्थित मिले। निरीक्षण के समय तक ओपीडी में 16 मरीज देखे जा चुके थे, जिनमें बुखार, सर्दी-जुकाम, खुजली और शुगर-बीपी के रोगी शामिल थे। केंद्र पर गंदगी देख सीएमओ भड़क गए। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए चेतावनी दी कि सफाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल में 6 बेड और गर्मी के मद्देनजर कूलर-पंखे चलते मिले। हालांकि, मानक के अनुसार 195 दवाओं के सापेक्ष केवल 156 दवाएं ही उपलब्ध थीं, जिस पर सीएमओ ने फार्मासिस्ट को स्टॉक पूरा करने के निर्देश दिए। लैब टेक्नीशियन न होने के कारण फार्मासिस्ट खुद जरूरी जांचें कर रहे हैं। इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पीएचसी जैतई का रुख किया। यहाँ प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभास उपाध्याय सहित पूरा स्टाफ मुस्तैद मिला। आरोग्य मेले के तहत यहाँ 22 मरीजों का उपचार किया जा चुका था। केंद्र पर ओआरएस पैकेट, आई ड्रॉप और जांच किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिले। यहाँ साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर पाई गई। पेयजल की उचित व्यवस्था के साथ-साथ वार्ड के सभी 6 बेड और बिजली उपकरण क्रियाशील मिले। यहाँ 195 दवाओं के सापेक्ष 170 दवाएं स्टॉक में मौजूद थीं। निरीक्षण के अंत में डॉ. राजीव राय ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलना अनिवार्य है। सभी केंद्रों पर दवाओं की उपलब्धता और स्वच्छता सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page