
हाथरस 02 मई । थाना हाथरस जंक्शन के गांव मोहब्बतपुरा में पुरानी रंजिश के चलते 10 नामजद लोगों ने दुकान बंद कर घर लौट रहे युवक पर लाठी-डंडे व सरिया से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर बचाने पहुंचे माता-पिता को भी जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए। मोहब्बतपुरा निवासी रविंद्रपाल ने थाना हाथरस जंक्शन में दी तहरीर में बताया कि घटना एक मई की रात की है। उनका बेटा विकास दुकान बंद कर घर लौट रहा था। तभी गांव के ही पवन, अनिल, छोटा, अंकित, पूनम पत्नी अनिल, प्रियंका पत्नी दीपू, प्रियाशु, हर्ष, दीपू और डीपी ने रंजिश में विकास को घेर लिया। सभी आरोपितों ने जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडे व सरिया से विकास के सिर व शरीर पर एक साथ हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर रविंद्रपाल व उनकी पत्नी मौके पर पहुंचे तो आरोपित विकास को मरा समझकर धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित पिता का कहना है कि हमले में काफी अज्ञात लोग भी शामिल थे। विकास गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने शिकायत पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है।





















