
हाथरस 02 मई । शहर के कमला बाजार स्थित जैन एलईडी टीवी सर्विस के संचालक पर एक अधिवक्ता से 3500 रुपये ठगने और गारंटी मांगने पर धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित का कहना है कि टीवी खराब होने पर दोबारा पहुंचने पर संचालक ने बिल-गारंटी कार्ड देने से इनकार कर दिया और धक्का देकर भगा दिया। दो महीने बाद बाजार में घेरकर मारपीट की और जेब से 275 रुपये भी छीन लिए। पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न करने पर पीड़ित ने सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया इसके बाद पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। तरफरा रोड निवासी अधिवक्ता ललित कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि 13 सितंबर 2025 को वह अपनी सैमसंग स्मार्ट एलईडी टीवी की सर्विस कराने गोवर्धन मार्केट कमला बाजार स्थित जैन एलईडी टीवी सर्विस के प्रोपराइटर विनय कुमार जैन के पास गए। विनय ने टीवी का कार्ड खराब बताकर 3500 रुपये में नया कार्ड लगाने और छह माह की रिप्लेसमेंट गारंटी की बात कही। ललित ने 3200 रुपये फोन पे से और 300 रुपये नकद दिए। गारंटी कार्ड व बिल मांगने पर विनय ने दो दिन बाद देने का भरोसा दिया। 18 नवंबर 2025 को टीवी दोबारा खराब हो गई। ललित जब टीवी लेकर विनय के पास पहुंचे और गारंटी में बदलने को कहा तो विनय ने साफ इनकार कर दिया। कहा कि हम मौखिक गारंटी देते हैं, बिल या गारंटी कार्ड नहीं देते। विरोध करने पर अभद्र भाषा का प्रयोग कर धक्का देकर भगा दिया और दोबारा दुकान पर आने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने 21 नवंबर 2025 को विनय को नोटिस भेजा। आरोप है कि इससे बौखलाकर 13 दिसंबर 2025 की शाम विनय ने कमला बाजार में ललित को रोक लिया। गाली-गलौज करते हुए विनय व दो अज्ञात लोगों ने मारपीट की, कपड़े फाड़ दिए और जेब से 275 रुपये छीन लिए। शोर सुनकर राजू वाष्र्णेय, धीरज वार्ष्णेय व अन्य लोगों ने बचाया। आरोपितों ने कहा कि हम इसी तरह झूठी गारंटी देकर लोगों से रुपये ठगते हैं, दोबारा दिखा तो जान से मार देंगे।





















