Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 मई । हाथरस जिले के मुरसान क्षेत्र की एक 15 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता किशोरी ने बुधवार, 29 अप्रैल को अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है। हाईकोर्ट के कड़े निर्देशों के बीच मेडिकल कॉलेज में भर्ती किशोरी का सुरक्षित प्रसव कराया गया। वर्तमान में जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और चिकित्सीय निगरानी में हैं। नवजात का वजन 2 किलो 700 ग्राम है और उसे एहतियातन एनआईसीयू (NICU) में रखा गया है।

अदालती आदेश पर हुआ प्रसव

यह मामला कानूनी और मानवीय दृष्टिकोण से काफी संवेदनशील रहा है। पीड़िता की माँ ने गर्भपात के लिए हाईकोर्ट में अपील की थी, लेकिन हाथरस स्वास्थ्य विभाग (CMO स्तर) की कथित अनदेखी के कारण समय निकल गया। इसके बाद हाईकोर्ट ने मार्च माह में पीड़िता को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने और प्रसव का पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन करने का आदेश दिया था। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अंजुम परवेज ने बताया कि हाईकोर्ट के अगले आदेश तक जच्चा-बच्चा अस्पताल में ही रहेंगे।

जनवरी में हुआ था मामले का खुलासा

मुरसान कोतवाली में 23 जनवरी को पीड़िता की माँ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप के मुताबिक, पीड़िता के बुआ के लड़के ने जुलाई 2025 से उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। जनवरी में पेट दर्द होने पर जब जाँच कराई गई, तब किशोरी के पांच माह की गर्भवती होने की बात सामने आई। आरोपी फिलहाल जेल में है।

बच्चे के भविष्य पर संशय और चर्चाएं

बच्चे के जन्म के बाद भविष्य में उसके पिता के नाम को लेकर चर्चाएं तेज हैं। पीड़िता की माँ ने स्पष्ट किया है कि परिवार इस बच्चे को अपनाने के लिए तैयार नहीं है। क्षेत्राधिकारी सादाबाद, अमित पाठक ने बताया कि पुलिस को अब डीएनए (DNA) रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर न्यायालय में ट्रायल पूरा किया जाएगा। बच्चे के भविष्य और कानूनी अधिकारों पर अंतिम फैसला हाईकोर्ट के निर्देशों के अधीन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page