Hamara Hathras

Latest News

जेवर/नोएडा 01 मई । उत्तर प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने शुक्रवार को आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि यहाँ से 15 जून 2026 से व्यावसायिक विमान सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। पहली कमर्शियल फ्लाइट देश की प्रमुख एयरलाइंस ‘इंडिगो’ (IndiGo) द्वारा संचालित की जाएगी। इसके तुरंत बाद अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं शुरू करेंगे। यीडा (YEIDA) व नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) के सीईओ राकेश कुमार सिंह के अनुसार, एयरपोर्ट से उड़ान शुरू करने के लिए अब तक लगभग 70 फ्लाइट्स के प्रस्ताव मिल चुके हैं। शुरुआत में एयरलाइंस कंपनियों ने 17 फ्लाइट्स संचालित करने का प्रस्ताव रखा है, जिसे मंजूरी मिलने के बाद अब टिकट बुकिंग सेवा शुरू करने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इन उड़ानों के जरिए नोएडा एयरपोर्ट देश के सभी प्रमुख शहरों से जुड़ जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन किया था। प्रथम चरण में 1334 हेक्टेयर में फैले इस एयरपोर्ट में 3900 मीटर लंबा रनवे, भव्य यात्री टर्मिनल, एटीसी टावर और कार्गो हब पूरी तरह बनकर तैयार हैं। वर्तमान में नायल और यापल के स्तर पर हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि जून के मध्य तक यात्री सेवाएं सुचारू रूप से शुरू हो सकें। यह एयरपोर्ट न केवल यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देगा, बल्कि उत्तर प्रदेश सरकार के लिए आय का एक विशाल केंद्र भी बनेगा। नायल (NIAL) को प्रति यात्री लगभग 496 रुपये की आय प्राप्त होगी। अनुमान है कि अगले 30 वर्षों में इस एयरपोर्ट से कुल कमाई एक लाख करोड़ रुपये तक पहुँच सकती है। सीईओ आरके सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट के चलते यमुना सिटी क्षेत्र का स्वरूप बदल गया है। विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस यह एयरपोर्ट वर्ष 2060-61 तक एक लाख करोड़ रुपये की आय वाला केंद्र बन जाएगा। परियोजना के कारण आसपास के क्षेत्रों में जमीन की मांग में भी अप्रत्याशित उछाल आया है और विकास कार्यों में तेजी आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page