
हाथरस 01 मई । अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित समस्त कार्यालयों एवं कलेक्ट्रेट परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान के मौके पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रम के महत्व एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का दिया संदेश। श्रम दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर, कार्यालयों में विशेष सफाई महाअभियान में जिलाधिकारी के अलावा मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट सहित अन्य अधिकारियों/कर्मचारियों के श्रमदान के माध्यम से साफ-सफाई की।
श्रम दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि “अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस हमें श्रम की गरिमा और श्रमिकों के अमूल्य योगदान का सम्मान करने की प्रेरणा देता है। आज कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान के माध्यम से हमने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जब अधिकारी और कर्मचारी स्वयं श्रमदान करते हैं, तो यह समाज के लिए एक प्रेरणा बनता है। स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सकारात्मक कार्यस्थल न केवल हमारी कार्यक्षमता को बढ़ाता है, बल्कि आमजन के प्रति हमारी जिम्मेदारी को भी दर्शाता है। यदि हम अपने कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखें, तो न केवल स्वस्थ समाज का निर्माण होगा, बल्कि हमारी कार्यक्षमता भी बढ़ेगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी नियमित रूप से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और ‘स्वच्छ भारत’ के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाते रहें।”
सफाई अभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर के सभी कार्यालय कक्षों, गलियारों, शौचालयों, परिसर के खुले क्षेत्रों, पार्किंग स्थल, अधिवक्ता कार्यालयों तथा कलेक्ट्रेट परिसर के सम्पूर्ण क्षेत्र की व्यापक रूप से सफाई कराई गई। साथ ही अनावश्यक कचरे का निष्पादन, अभिलेखों का सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं स्वच्छता मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। जिलाधिकारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस केवल श्रमिकों के सम्मान का दिन ही नहीं है, बल्कि यह हमें श्रम की गरिमा को समझने और उसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एक सतत प्रक्रिया है, जिसे केवल विशेष अवसरों तक सीमित न रखते हुए दैनिक आदत का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। स्वच्छ कार्यस्थल से न केवल कार्यक्षमता में वृद्धि होती है, बल्कि सकारात्मक वातावरण भी निर्मित होता है। उन्होंने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने कार्यालयों में नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखें, अभिलेखों का उचित रख-रखाव सुनिश्चित करें तथा निष्प्रोज्य/अनावश्यक सामग्री का समय-समय पर निस्तारण कराते रहें। साथ ही, परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस, कलेक्ट्रेट बारएसोसिएशन के अध्यक्ष सचिव एवं अन्य अधिवक्तागण विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारीगण एवं अन्य संबंधित कर्मी आदि उपस्थित रहे।
























