
हाथरस 30 अप्रैल। कोतवाली सदर क्षेत्र की मेंडू गेट चौकी पर तैनात कांस्टेबल विपिन यादव का पुलिस वर्दी में फिल्मी संवादों पर रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में सिपाही वर्दी पहनकर फिल्मी अंदाज में डायलॉगबाजी और एक्टिंग करता नजर आ रहा है, जिसे उसने स्वयं ही इंटरनेट मीडिया पर अपलोड किया था. मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है और एसपी के निर्देश पर सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण को इस पूरे प्रकरण की जांच सौंप दी गई है. अनुशासनहीनता के इस मामले में जांच रिपोर्ट के आधार पर ही कांस्टेबल के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. गौरतलब है कि वर्दी की गरिमा के उल्लंघन के ऐसे मामलों में पूर्व में भी कई पुलिसकर्मियों पर निलंबन जैसी सख्त कार्रवाई की जा चुकी है.























