
हाथरस 30 अप्रैल। उप कृषि निदेशक, हाथरस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जनपद के समस्त कृषकों को सूचित किया गया है कि कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा वित्त पोषित सामान्य बीज वितरण, निःशुल्क दलहन और तिलहन बीज मिनीकिट का वितरण किया जाना है. खरीफ 2026 के लिए समस्त प्रकार के बीजों का वितरण ‘पहले आओ पहले पाओ’ के सिद्धांत पर बुकिंग कराते हुए ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा. खरीफ फसलों जैसे मूंग, उड़द, अरहर, धान, ढैंचा, बाजरा, सांवा, कोदो, ज्वार, रागी, तिल और मूंगफली आदि के बीजों पर अनुदान और निःशुल्क मिनीकिट के लिए विकास खण्डवार लक्ष्य निर्धारित कर दिए गए हैं. इन बीजों की बुकिंग कृषि विभाग के दर्शन पोर्टल-1 https://agriculture.up.gov.in पर दिनांक 22.04.2026 से प्रारंभ हो चुकी है. बुकिंग के लिए अंतिम तिथि (कट ऑफ डेट) 10.05.2026 निर्धारित की गई है. यदि आवेदनों की संख्या निर्धारित लक्ष्य से अधिक होती है, तो लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा. जनपद के कृषकों से अपील की गई है कि बुकिंग करने से पूर्व फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य है. जो भी इच्छुक किसान खरीफ फसलों के बीज प्राप्त करना चाहते हैं, वे समय रहते दर्शन पोर्टल पर अपनी बुकिंग सुनिश्चित करें.
























