सिकंदराराऊ (हसायन) 30 अप्रैल। कोतवाली में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए रंगरूट पुलिस कर्मियो को प्रथम तैनात कार्यरत स्थल के लिए भेजा गया।रंगरूट आरक्षियों ने कोतवाली पहुंचकर अपनी आमद कराते हुए डयूटी पर तैनात होने के लिए मुस्तैद दिखाई दिए।सभी नए रंगरूट आरक्षियो का कोतवाली में स्वागत सम्मान किया गया।तेइस नवप्रशिक्षित आरक्षियों की पहली तैनाती यहां कोतवाली की गई।जिनमें अठारह पुरुष और पांच महिला आरक्षी शामिल हैं। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद इन सभी को फील्ड ड्यूटी के लिए सीधे कोतवाली के लिए भेजा गया है। नवआरक्षियों के आगमन के बाद कोतवाली परिसर में परिचय एवं ब्रीफिंग,स्वागत सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक आदेश पाल सिंह ने सभी जवानों को कानून-व्यवस्था, जनता से व्यवहार और ड्यूटी की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से दिशा-निर्देश दिए।और नवआरक्षियों को बताया कि क्षेत्र में गश्त व्यवस्था को मजबूत करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।इसके साथ ही अपराधियों पर नजर रखना, संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई करना और चेकिंग अभियान को सख्ती से लागू करना आवश्यक है।महिला आरक्षियों को विशेष रूप से महिला सुरक्षा,मिशन शक्ति अभियान और जनता से संवाद बढ़ाने की जिम्मेदारी समझाई गई।उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच भरोसे का माहौल बनाना बेहद जरूरी है।अधिकारियों के अनुसार सभी नवआरक्षियों ने कठिन प्रशिक्षण प्रक्रिया पूरी की है।इसमें कानून की जानकारी,अपराध नियंत्रण तकनीक,आपदा प्रबंधन और जनसंपर्क जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल थे।अब यह पुलिस कर्मी सीधे क्षेत्रीय ड्यूटी में शामिल होंगे।
इन तेइस आरक्षियों की तैनाती से कोतवाली क्षेत्र में पुलिस बल की संख्या बढ़ेगी।इससे संवेदनशील इलाकों में निगरानी और गश्त व्यवस्था और मजबूत होगी। साथ ही अपराधों पर त्वरित कार्रवाई और शिकायतों के निस्तारण में तेजी आने की उम्मीद है।पुलिस प्रशासन का मानना है कि नई तैनाती से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ेगी और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। इस दौरान उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार,जोगेंद्र सिंह,कांस्टेबल विपिन यादव,सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

























