
हाथरस 29 अप्रैल । राष्ट्रीय स्वाभिमान दल के संस्थापक दीपक शर्मा ने टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ कोतवाली सदर और एसपी को तहरीर दी है। शर्मा ने मोइत्रा पर आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा के चरित्र हनन की कोशिश का आरोप लगाया है। एसपी ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। दीपक शर्मा ने तहरीर में बताया कि बुधवार की सुबह इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स देखते समय उनकी नजर एक पोस्ट पर पड़ी। आरोप है कि इस पोस्ट में महुआ मोइत्रा ने आईपीएस अजय पाल शर्मा को टैग करते हुए एक अश्लील वीडियो में उनकी मौजूदगी का दावा किया था। शर्मा ने तहरीर में कहा कि यह वीडियो साल 2016 में जांच का विषय रहा था। जांच के बाद सरकार ने आईपीएस अजय पाल शर्मा को क्लीन चिट दे दी थी। जांच में सामने आया था कि वीडियो गुड़गांव के किसी व्यापारी का था, न कि अजय पाल शर्मा का। तहरीर के अनुसार, महुआ मोइत्रा ने अपने अकाउंट से अजय पाल शर्मा को ‘फंटा’ और ‘फेयर एंड लवली बबुआ’ जैसे आपत्तिजनक शब्दों से भी संबोधित किया है। दीपक शर्मा ने इसे एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की छवि खराब करने और चरित्र बदनाम करने का प्रयास बताया है। एसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा
दीपक शर्मा ने पुलिस से मामले का संज्ञान लेकर सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने दीपक शर्मा को मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।






















