
हाथरस 29 अप्रैल । घंटाघर स्थित मंदिर श्री गोविंद भगवान विराजमान के परिसर में मंगलवार शाम वार्ष्णेय समाज की एक महत्वपूर्ण आम बैठक आयोजित की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य मंदिर अध्यक्ष का चुनाव करना था। बैठक में अध्यक्ष पद के लिए मुकुल आनंद वार्ष्णेय के साथ हेमंत वार्ष्णेय, डॉ. राहुल वार्ष्णेय और प्रियांक वार्ष्णेय ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की थी। हालांकि, आपसी सहमति और समाज की एकजुटता का परिचय देते हुए अन्य सभी दावेदारों ने मुकुल आनंद वार्ष्णेय के पक्ष में अपने नाम वापस ले लिए, जिसके फलस्वरूप उन्हें आगामी 3 वर्ष के लिए पुनः निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया। इसी बैठक के दौरान एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी कन्हैया वार्ष्णेय (तेल वाले) ने निजी कारणों का हवाला देते हुए मंदिर के संरक्षक पद से अपना त्यागपत्र दे दिया। इस अवसर पर राजीव वार्ष्णेय एडवोकेट, लक्ष्मी कांत सर्राफ, ओमप्रकाश सर्राफ, कैलाश चंद वार्ष्णेय, रंजीत वार्ष्णेय एडवोकेट, अतुल चौधरी और शैलेन्द्र सर्राफ सहित वार्ष्णेय समाज के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और युवा उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देते हुए मंदिर के विकास और समाज सेवा में सहयोग का संकल्प दोहराया।






















