
हाथरस 29 अप्रैल । भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी एवं ग्रैंड फिनाले डायमंड जुबली में जनपद हाथरस के प्रतिभागियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई है। जिला विद्यालय निरीक्षक व मुख्य आयुक्त श्री संत प्रकाश के निर्देशन और जिला संगठन आयुक्त श्री धीरेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में हाथरस से 86 सदस्यीय दल ने लखनऊ में आयोजित इस राष्ट्रीय समागम में प्रतिभाग किया था। इस दौरान गाइड कैप्टन संगीता वार्ष्णेय के कुशल निर्देशन में प्रस्तुत ‘हनुमान चालीसा’ तथा डी.ओ.सी. धीरेन्द्र प्रताप सिंह व ऋषि कुमार वार्ष्णेय के निर्देशन में ‘ऊंट नृत्य’ और ‘काली नृत्य’ की प्रस्तुति ने देश-विदेश के प्रतिभागियों के मध्य सर्वाधिक प्रशंसा बटोरी। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय मुख्यालय से प्राप्त प्रमाण पत्रों के माध्यम से आज प्रतिभागियों को गौरवपूर्ण ढंग से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान जिला आयुक्त सत्यभान गुप्ता, जिला सचिव डॉ. दिलीप कुमार अमौरिया, संयुक्त सचिव डॉ. दीपक जैन, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सहित डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल, राजेश कुमार, डॉ. उमा सिंह और शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह जैसे गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने स्काउट्स की इस सफलता को जनपद के लिए गौरव का विषय बताया।






















