
हाथरस 27 अप्रैल । कोतवाली सासनी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव हडौली में एक महिला के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला प्रकाश में आया है। दबंग युवक ने न केवल महिला के साथ अभद्रता की, बल्कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली सासनी में दी गई तहरीर के अनुसार, गांव हडौली निवासी रजनी देवी पत्नी सोनू ने बताया कि बीती 25 अप्रैल को वह अपने घर के बाहर चबूतरे पर खड़ी थीं। इसी दौरान गांव का ही निवासी ऋतिक पचौरी उर्फ छोटू बाइक पर सवार होकर वहां आया और बिना किसी कारण के उनके साथ गाली-गलौज करने लगा। रजनी देवी ने जब युवक की इस हरकत का विरोध किया और उसे मना किया, तो आरोपित और अधिक आक्रोशित हो गया। आरोप है कि ऋतिक ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी और उनके साथ काफी अभद्रता की। जब महिला ने शोर मचाया, तो पकड़े जाने के डर से आरोपित उन्हें जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से भाग निकला। इस घटना से डरी-सहमी पीड़िता रजनी देवी ने 26 अप्रैल को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सासनी को लिखित तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपित ऋतिक पचौरी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की वैधानिक जांच शुरू कर दी है।





















