Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 25 अप्रैल । जलेसर रोड पर पीहुरा गांव स्थित गैस एजेंसी पर शनिवार को उपभोक्ताओं ने सिलेंडर आपूर्ति में देरी को लेकर हंगामा किया। घंटों इंतजार के बाद भी सिलेंडर न मिलने पर लोगों ने एजेंसी परिसर में अपनी नाराजगी व्यक्त की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उन्हें समय पर गैस की डिलीवरी नहीं मिल रही है। बुकिंग के कई दिनों बाद भी सिलेंडर नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे उनके दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उपभोक्ताओं को मजबूरन एजेंसी के गोदाम पर आकर घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच महिलाएं और बुजुर्ग खाली सिलेंडर लेकर भटकते दिखे। उपभोक्ताओं ने यह भी शिकायत की कि एजेंसी कर्मचारियों का व्यवहार संतोषजनक नहीं है और उन्हें सही जानकारी नहीं दी जाती। वहीं, गैस एजेंसी संचालक सुनीता गौतम ने बताया कि गैस बुकिंग के हिसाब से बांटी जा रही है और हंगामा जैसी कोई बात नहीं है। हंगामे की सूचना पर गैस एजेंसी संचालक मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उनसे शिकायत की और जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की। संचालक ने उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया कि आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा और नियमित डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों को समझाकर शांत कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page