
हाथरस 24 अप्रैल । सदर कोतवाली क्षेत्र में जिम से घर लौट रहे दो युवकों पर 10 से 15 लोगों ने हमला कर दिया। आरोपितों ने रास्ता रोककर युवकों को बाइक से उतारा और लाठी-डंडे व सरिया से पीटा। दुकानदारों के बीच-बचाव करने पर हमलावर मौके से भाग गए। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा कराया है। आवास विकास कालोनी, आगरा रोड निवासी अभी कुमार चौधरी ने दी तहरीर में बताया कि 23 अप्रैल 2026 को शाम वह अपने साथी कन्हा वर्मा उर्फ अर्पित वर्मा निवासी गौतम विहार कालोनी, करवला रोड के साथ एस.एस फिटनेस जिम से घर जा रहे थे। सादाबाद गेट स्थित अरोरा मोबाइल शाप के पास साहिल पाथरे, रिषभ रौदिंया, मानश वाल्मीकि, सुमित और अन्य 10 से 15 लोग निवासी मौहल्ला कर्र ने रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि सभी ने उन्हें बाइक से उतारकर लाठी-डंडे और सरिया से हमला कर दिया। हमलावर जान से मारने की धमकी दे रहे थे। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर दोनों युवकों को बचाया। इसके बाद सभी आरोपित वहां से भाग गए। पीड़ित अभी कुमार चौधरी ने कोतवाली सदर में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।






















