सादाबाद 24 अप्रैल । हाईस्कूल परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद क्षेत्र के गांव नगला बहादुर से छात्र लापता हो गया है। कम अंक आने से मानसिक रूप से परेशान छात्र गुरुवार रात घर से अचानक गायब हो गया। परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार, नगला बहादुर वेदई निवासी अनिल कुमार के पुत्र आदित्य चौहान ने हाई स्कूल परीक्षा में लगभग 75 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। हालांकि, अन्य छात्रों के अधिक अंक आने के कारण आदित्य निराश था और परिणाम आने के बाद से ही उदास था। गुरुवार शाम घर लौटने के बाद उसने खाना खाया, लेकिन किसी से ज्यादा बातचीत नहीं की और चुपचाप अपने कमरे में चला गया। परिवार के सदस्यों ने उसकी उदासी देखी और कारण जानने की कोशिश की, लेकिन आदित्य ने कुछ भी स्पष्ट नहीं बताया। देर रात करीब 8 बजे के बाद वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया। जब काफी देर तक आदित्य वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने तुरंत आसपास के संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू कर दी। पूरी रात खोजबीन के बावजूद छात्र का कोई पता नहीं चल सका।।थक-हारकर पिता अनिल कुमार ने कोतवाली पहुंचकर पुत्र की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और छात्र की खोजबीन के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्र की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि यदि किसी को आदित्य के बारे में कोई जानकारी मिले तो वे तुरंत पुलिस या परिवार को सूचित करें।






















