Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 24 अप्रैल । क्षेत्र के कुरसंडा गांव में एक ही दिन में चार लोगों की मृत्यु हो गई। विभिन्न कारणों से हुई इन मौतों के कारण पूरे गांव में शोक का माहौल है। एक साथ कई घरों से अर्थियां उठने से गांव में सन्नाटा पसरा रहा। मृतकों में सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर वीरेंद्र सिंह पुत्र शेर सिंह भी थे। वे वर्ष 1995 में सेवानिवृत्त होकर गांव लौटे थे। वीरेंद्र सिंह लंबे समय से बीमार थे और दिल्ली में उनका इलाज चल रहा था। गुरुवार को उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। उनके निधन की सूचना गांव पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण एकत्र हो गए। पार्थिव शरीर गांव पहुंचने पर सैकड़ों लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। सेना मुख्यालय मथुरा से आए अधिकारियों ने सूबेदार मेजर वीरेंद्र सिंह को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। उन्हें सलामी दी गई और पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसी दिन गांव के तीन अन्य ग्रामीणों का भी बीमारी के कारण निधन हो गया। इनमें मुन्नालाल पुत्र राम खिलाड़ी, सतवीर सिंह पुत्र जबर सिंह निवासी मोहल्ला पेठ बाजार और महेंद्र सिंह पुत्र नवाब सिंह निवासी नगला मान्धाता शामिल हैं। चारों ग्रामीणों की मृत्यु से गांव में गहरा शोक व्याप्त हो गया। अलग-अलग स्थानों से चार अर्थियां उठने से गांव का माहौल गमगीन रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण श्मशान घाट पहुंचे और सभी दिवंगतों को अंतिम विदाई दी। गांव के बुजुर्गों ने एक ही दिन में चार मौतों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। पूरे गांव में दिनभर शोक का माहौल रहा और कई घरों में चूल्हे नहीं जले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page