
हाथरस 23 अप्रैल । थाना हसायन के गांव इनायतपुर में खेत की सफाई के दौरान पन्नी और कागज जलाने को लेकर हुए विवाद में गांव के ही तीन लोगों ने बुजुर्ग दंपती पर लाठी-डंडों और लोहे की राड से हमला कर दिया। हमले में पति-पत्नी दोनों के सीने में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव इनायतपुर निवासी रेशमा देवी पत्नी सुरेश चंद्र ने थाना हसायन में दी तहरीर में बताया कि 20 अप्रैल की सुबह वह अपने खेत की सफाई कर रही थीं। खेत में पड़ी पन्नी और कागजों को उन्होंने जला दिया था। इसी बात को लेकर गांव के ही मोतीराम पुत्र कलियान, उसकी पत्नी गुड्डी देवी और पिक्की पत्नी रबी मौके पर आ गए। आरोप है कि तीनों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों से रेशमा देवी पर हमला बोल दिया। शोर सुनकर बचाने आए रेशमा देवी के पति सुरेश चन्द्र को भी आरोपितों ने नहीं बख्शा। उन्हें जमीन पर गिराकर लोहे की राड से बुरी तरह पीटा गया। हमले में रेशमा देवी और सुरेश चंद्र दोनों के सीने में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता ने तहरीर में लिखा है कि वह और उनके पति बुजुर्ग हैं। आरोपी मारपीट के बाद जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद से दंपती दहशत में है। रेशमा देवी ने 20 अप्रैल को ही पुलिस को तहरीर दी थी। प्रभारी निरीक्षक के आदेश पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।
























