Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 23 अप्रैल । कोतवाली क्षेत्र के गाँव नगला मियां पट्टी देवरी में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ घर के सामने भूसा इकट्ठा कर रहे एक युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट के बाद दबंगों द्वारा घर पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोतवाली में नामजद तहरीर देकर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित भूपेन्द्र पुत्र जुगेन्द्र ने पुलिस को बताया कि बीती 18 अप्रैल को वह अपने घर के सामने भूसा इकट्ठा कर रहा था, तभी गाँव के ही कुछ दबंगों ने उसके साथ झगड़ा और मारपीट की, जिसमें उसे चोटें आईं। इस घटना की शिकायत पुलिस से की गई और पीड़ित का मेडिकल भी कराया गया। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते 19 अप्रैल की शाम करीब 4-5 बजे, जब भूपेन्द्र और उसके पिता घर पर नहीं थे, तब दबंगों ने उसके घर पर हमला कर दिया। तहरीर के अनुसार, शिवम पुत्र राकेश, सुधीर, गौरव पुत्र श्यौप्रसाद, सन्दीप पुत्र हेमवीर, अनुज कुमार पुत्र सुखवीर और रवेन्द्र पुत्र नेम सिंह ने घर में घुसकर गाली-गलौज की। उस समय घर पर मौजूद पीड़ित की पत्नी, माँ और छोटे भाई के साथ अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। शोर सुनकर जब मोहल्ले के लोग एकत्र हुए और विरोध किया, तब हमलावर वहां से भाग निकले। पीड़ित का कहना है कि इस पूरी घटना की वीडियो फुटेज भी उनके पास उपलब्ध है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page