सिकंदराराऊ (हसायन) 23 अप्रैल । कोतवाली क्षेत्र की सलेमपुर पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले गाँव इनायतपुर में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ खेत की साफ-सफाई कर रहे एक वृद्ध दंपत्ति के साथ गाँव के ही दबंगों ने महज मामूली बात पर गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला कर दिया। घटना को लेकर पीड़िता रेशमा देवी पत्नी सुरेश चन्द्र ने कोतवाली में नामजद तहरीर दी है। पीड़िता के अनुसार, 20 अप्रैल की सुबह करीब 8 बजे वह अपने खेत की सफाई कर रही थी। खेत में जमा पन्नी और कागजों को बटोरकर जब उसने आग लगाई, तो इसी बात से आक्रोशित होकर गाँव के ही मोतीराम, गुड्डी देवी और पिंकी ने उसे घेर लिया। आरोप है कि दबंगों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों से रेशमा देवी को पीटना शुरू कर दिया। जब उसके पति सुरेश चन्द्र बचाव करने आए, तो हमलावरों ने उन्हें जमीन पर गिराकर लोहे की रॉड से बेदर्दी से पीटा। इस हमले में वृद्ध दंपत्ति के सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। दबंग जाते-जाते उन्हें जान से मारने की धमकी भी दे गए। कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम ने बताया कि बुजुर्ग दंपत्ति की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

























