Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 23 अप्रैल । तहसील क्षेत्र के पोरा हल्का में तैनात राजस्व कर्मी प्रेमपाल सिंह को रिश्वत लेने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद की गई, जिसमें लेखपाल एक युवक से रुपए लेकर अपनी जेब में रखते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल को सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप तेजी से प्रसारित हुई। इस वीडियो में एक युवक (काश्तकार) लेखपाल प्रेमपाल सिंह को नोट गिनकर दे रहा था, जिसे लेखपाल ने चुपचाप अपनी जेब में रख लिया। मामला संज्ञान में आते ही जिलाधिकारी के निर्देशानुसार एसडीएम संजय सिंह ने जांच के आदेश दिए। प्रथम दृष्टया वीडियो में भ्रष्टाचार की पुष्टि होने पर एसडीएम ने लेखपाल के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाया। उपजिलाधिकारी संजय सिंह द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि लेखपाल द्वारा किसी के निजी आवास पर पैसों का लेनदेन करना एक गंभीर मामला है, जो सरकारी कर्मचारी की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लगाता है। लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर तहसील मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। साथ ही उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम ने नायब तहसीलदार को विभागीय जांच सौंपते हुए 15 दिन के भीतर आरोप पत्र तैयार कर प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं। इस कार्रवाई से तहसील के अन्य कर्मचारियों और भ्रष्ट अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page