
हाथरस 23 अप्रैल । पुलिस लाइन ऑडिटोरियम में उत्तर प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री तथा जनपद की प्रभारी मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य की अध्यक्षता में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर 225 नवनियुक्त आंगनवाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। साथ ही जी.एम.डी. किट, बेबी किट वितरण और 9 से 23 अप्रैल तक चले ‘पोषण पखवाड़ा’ का विधिवत समापन हुआ। नवनियुक्त सहायिकाओं को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि चयन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी रही है, जिससे पात्र और जरूरतमंद महिलाओं को अवसर मिला है। उन्होंने कहा, “यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि एक बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है। आपको केंद्रों पर आने वाले बच्चों की देखभाल ‘यशोदा मां’ की तरह करनी है। बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा देने के साथ-साथ स्वच्छता और अच्छे संस्कार सिखाना आपकी प्राथमिकता होनी चाहिए।” उन्होंने सरकार द्वारा दिए गए आधुनिक उपकरणों (इन्फेंटो मीटर व स्टेडियोमीटर) का सही प्रयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि बच्चों के विकास का सटीक आकलन हो सके। मंत्री ने सहायिकाओं का आह्वान किया कि वे अपनी भूमिका को केंद्र तक सीमित न रखें, बल्कि घर-घर जाकर सरकार की जनहितकारी योजनाओं जैसे ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, कन्या सुमंगला, आयुष्मान कार्ड और पेंशन योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने बेहतर कार्य करने वाली सहायिकाओं को भविष्य में पदोन्नति और सम्मान का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि आज देश में महिलाएं ग्राम पंचायत से लेकर राष्ट्रपति पद तक अपनी क्षमता सिद्ध कर रही हैं। उन्होंने नवनियुक्त सहायिकाओं को पूरी निष्ठा से कार्य करने की प्रेरणा दी। वहीं, जिलाधिकारी अतुल वत्स ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि सभी सहायिकाओं को प्रशासन द्वारा समुचित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा ताकि वे ‘यशोदा मां’ की अपनी भूमिका को सार्थकता से निभा सकें।

कार्यक्रम की शुरुआत बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। छात्रों ने नारी सशक्तिकरण पर आधारित नाटक, कृष्ण लीला नृत्य और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा, सीडीओ पी.एन. दीक्षित, जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र उपाध्याय और जिला प्रोबेशन अधिकारी सीमा मौर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
























