
हाथरस 23 अप्रैल । ब्रजभाषा के मूर्धन्य कवि स्वर्गीय डॉ. जगदीश लवानिया के पंचम स्मृति दिवस के अवसर पर कल, 24 अप्रैल को अलीगढ़ रोड स्थित रामोजी रिसॉर्ट्स में एक भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन साहित्य प्रेमियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव होगा।
डॉ. रुचि चतुर्वेदी को मिलेगा ‘लवानिया स्मृति सम्मान’
असिस्टेंट कमिश्नर एक्साइज प्रगल्भ लवानिया, ललित लवानिया, कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रीति लवानिया एवं सह-संयोजक चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने संयुक्त रूप से बताया कि इस वर्ष का “स्वर्गीय डॉ. जगदीश लवानिया स्मृति सम्मान 2026” आगरा की वरिष्ठ कवयित्री डॉ. रुचि चतुर्वेदी को प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध गीतकार डॉ. विष्णु सक्सेना का विशिष्ट सानिध्य प्राप्त होगा।
देशभर के ख्यातनाम कवि करेंगे शिरकत
कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न कोनों से प्रतिष्ठित रचनाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मुख्य आकर्षणों में इंदौर के प्रसिद्ध युवा गीतकार अमन अक्षर, मैनपुरी के गीतकार बलराम श्रीवास्तव, हरियाणा के हास्य कवि अनिल अग्रवंशी, बुलंदशहर के ओज कवि डॉ. अर्जुन सिसोदिया, नागपुर की वीर रस कवयित्री श्रद्धा शौर्य, अंबेडकर नगर के गजलकार अनुराग मिश्रा ‘गैर’ एवं टूंडला के हास्य कवि लटूरी लट्टू शामिल हैं। इनमें से अधिकांश कवि पहली बार हाथरस की धरा पर काव्य पाठ करेंगे।
प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य अतिथि रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिंह, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित एवं उप जिलाधिकारी सदर राज बहादुर सिंह रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों में विद्युत विभाग, जीएसटी, आयकर और पर्यटन विभाग के आला अधिकारियों सहित ब्रज कला केंद्र के केंद्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार अनिल बोहरे करेंगे।
साहित्यिक सेवाओं को नमन
ब्रज कला केंद्र के अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने डॉ. लवानिया के साहित्यिक योगदान को अतुलनीय बताते हुए उनके परिजनों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन नई पीढ़ी को डॉ. लवानिया की सेवाओं से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करेगा। आयोजकों ने जनपद के समस्त साहित्य प्रेमियों और बुद्धिजीवियों से शाम 7:00 बजे कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।




















