Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 23 अप्रैल । शहर के तालाब चौराहा स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर ‘प्रवेशोत्सव’ कार्यक्रम का हर्षोल्लास के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य महाभारत सिंह, मुख्याध्यापक जितेंद्र शर्मा एवं मुख्याध्यापिका रुचि सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों को बैज लगाकर और पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत बेहद खास अंदाज में किया गया। विद्यालय के मुख्य द्वार पर शिक्षिका रितु शर्मा ने बच्चों को तिलक लगाया और उन्हें फूल व चॉकलेट देकर विद्यालय में उनका अभिनंदन किया। समारोह के दौरान छात्रों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और रंगारंग लोक नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्कूल बैग और स्टेशनरी किट भी वितरित की गई।

अभिभावकों को संबोधित करते हुए प्राचार्य महाभारत सिंह ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे व्यक्ति महान बन सकता है। उन्होंने जोर दिया कि केंद्रीय विद्यालय तकनीकी परिवर्तनों के साथ कदम मिलाते हुए छात्रों को उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। वहीं मुख्याध्यापक जितेंद्र शर्मा ने विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं, खेल-आधारित शिक्षण पद्धति और बच्चों के सर्वांगीण विकास की रणनीतियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों ने बच्चों के साथ सेल्फी पॉइंट पर फोटो खिंचवाकर अपनी खुशी साझा की। कार्यक्रम का संचालन नेहा अग्रवाल ने किया। इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page