
हाथरस 22 अप्रैल । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आज पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों की प्रस्तावित दीक्षांत परेड के रिहर्सल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की तैयारियों का अवलोकन करते हुए मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, पार्किंग और यातायात प्रबंधन सहित सभी सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। रिक्रूट आरक्षियों को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि दीक्षांत परेड उनके कठोर परिश्रम और अनुशासन का गौरवपूर्ण प्रतीक है, इसलिए प्रत्येक आरक्षी को अपनी क्षमता का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल, चिकित्सा सुविधा और साफ-सफाई जैसी सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं ताकि कार्यक्रम भव्य और गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक श्री रामानन्द कुशवाह, क्षेत्राधिकारी ऑफिस श्री श्यामवीर सिंह और प्रतिसार निरीक्षक श्री राजकुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए इस आयोजन को यादगार बनाने का आह्वान किया।























