
हाथरस 21 अप्रैल । थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव दयानतपुर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक गलीचा धागा बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुँचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मिली जानकारी के अनुसार, दयानतपुर निवासी गोपाल की गलीचा धागा बनाने की फैक्ट्री है। मंगलवार को फैक्ट्री में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी ने वहां रखे धागे के बंडलों में आग पकड़ ली। धागा अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग तेजी से पूरी फैक्ट्री के अंदर रखे कच्चे माल और मशीनरी तक फैल गई। फैक्ट्री से उठती आग की लपटों और धुएं के गुबार को देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर स्टेशन ऑफिसर राजकुमार वाजपेई के नेतृत्व में दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल की गाड़ियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया, जिससे आग को पड़ोस के अन्य मकानों तक फैलने से रोका जा सका। फैक्ट्री मालिक गोपाल के अनुसार, इस अग्निकांड में फैक्ट्री में रखा अधिकांश माल और सामान जलकर नष्ट हो गया है, जिससे उन्हें लगभग ढाई लाख रुपये का प्रारंभिक आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना के समय फैक्ट्री में किसी के मौजूद न होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। फायर स्टेशन ऑफिसर राजकुमार वाजपेई ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है, वास्तविक नुकसान का सटीक आकलन विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
























