Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 अप्रैल । आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की जान चली गई। सरस्वती इंटर कॉलेज के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और डंपर को जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला तमना की गढ़ी निवासी 34 वर्षीय रवि राजा पुत्र अनेक सिंह एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। मंगलवार सुबह वह अपनी बाइक से ससुराल (एत्मादपुर, आगरा) जा रहे थे। जैसे ही वह आगरा रोड पर सरस्वती इंटर कॉलेज के समीप पहुंचे, तभी एक अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रवि बाइक से कई फीट दूर उछलकर सड़क पर गिरे और गंभीर चोट आने के कारण उनकी तत्काल मृत्यु हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने मृतक के मोबाइल और अन्य दस्तावेजों के आधार पर शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक रवि अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना करने वाले डंपर को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक की तलाश जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारु कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page