Hamara Hathras

Latest News

सासनी 21 अप्रैल । सासनी के एस.बी.एस. यूनियन स्कूल में छात्रों के लिए एक विशेष ‘स्टार प्लैनेटेरियम शो’ का शानदार आयोजन किया गया, जिसमें जयपुर से आई विशेषज्ञ टीम ने विद्यार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से अंतरिक्ष की यात्रा कराई। इस शो के माध्यम से कक्षा 1 से 10वीं तक के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान और ब्रह्मांड से जुड़ी कई रोचक जानकारियां प्राप्त कीं। विशाल गुंबदनुमा प्लैनेटेरियम के भीतर बच्चों ने सौरमंडल, ग्रहों, तारों और आकाशगंगा (गैलेक्सी) के अद्भुत दृश्यों को देखा, जिससे उन्हें एक नई तरह का शैक्षणिक अनुभव मिला। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में विज्ञान के प्रति समझ विकसित करना और अंतरिक्ष विज्ञान को लेकर उनकी जिज्ञासा को बढ़ाना था। इस अवसर पर संस्था के डायरेक्टर एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. विकास सिंह ने कहा कि पाठ्य सहगामी क्रियाएं छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अनिवार्य हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आज अंतरिक्ष के प्रति जागरूक हो रहे यही बच्चे भविष्य में बड़े वैज्ञानिक और अधिकारी बनकर राष्ट्र की सेवा करेंगे। स्कूल प्रबंधन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए ऐसे आयोजनों में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगा। स्कूल के प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने बताया कि विद्यालय में शैक्षणिक आयोजनों की एक श्रृंखला तैयार की गई है, जिससे विद्यार्थी हर क्षेत्र में स्कूल और अपने अभिभावकों का नाम रोशन कर सकें। इस रोमांचक और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बड़े उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page