Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 21 अप्रैल । भीषण गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखने लगा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ओपीडी में रोजाना 500 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं, जिसके मद्देनजर अस्पताल प्रशासन ने गर्मी जनित बीमारियों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। गर्मी से होने वाली बीमारियों जैसे उल्टी, दस्त, डायरिया और लू से प्रभावित मरीजों के लिए सीएचसी में दो विशेष वार्ड तैयार किए गए हैं। इन वार्डों में प्रतिदिन 10 से 15 मरीजों को भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी आवश्यक दवाएं और सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. दानवीर सिंह ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए अस्पताल में विशेष तैयारियां की गई हैं। मरीजों की सुविधा के लिए अतिरिक्त चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल में दवाओं का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। ओपीडी में बढ़ती भीड़ के बावजूद चिकित्सक लगातार मरीजों की जांच कर रहे हैं। आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण किया जा रहा है और गंभीर मरीजों को आवश्यक टेस्ट के बाद उचित उपचार दिया जा रहा है। डॉक्टरों ने आम जनता से अपील की है कि वे तेज धूप में बाहर निकलने से बचें। इसके साथ ही, अधिक से अधिक पानी पीने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है, ताकि गर्मी जनित बीमारियों से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page