
हाथरस 21 अप्रैल । हाथरस जनपद के थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र में एक विवाहिता के पिता ने दहेज उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाते हुए थाना जंक्शन पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पिता सुरेन्द्र सिंह निवासी बोनई थाना हाथरस जंक्शन ने थाना प्रभारी को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री सीमा की शादी दिनांक 19 अप्रैल 2026 को गांव द्वारिकापुर निवासी जितेन्द्र सिंह के साथ हिन्दू रीति-रिवाज से संपन्न कराई थी। विवाह में अपनी हैसियत के अनुसार लगभग 5 लाख रुपये खर्च कर मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण तथा अन्य घरेलू सामान दान-दहेज में दिया गया था। आरोप है कि शादी के दूसरे ही दिन 20 अप्रैल 2026 को सुबह विदा के समय ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में स्विफ्ट डिजायर कार की मांग कर रहे हैं। बेटी को विदा करते समय कह गए हैं कि जब अपनी बेटी को विदा कराने हमारे यहाँ आओ तो स्विफ्ट डिजायर कार साथ में लेकर आना। वह लोग शादी में दिया गया दहेज का सामान भी उन्हीं के पास छोड़ गए हैं। इस संबंध में पीड़िता के पिता ने थाना हाथरस जंक्शन में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच के आधार पर कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
























