Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 अप्रैल । ब्रजभाषा के मूर्धन्य कवि स्वर्गीय डॉ. जगदीश लवानिया जी के पंचम स्मृति दिवस के पावन अवसर पर आगामी 24 अप्रैल को सायं 7 बजे से अलीगढ़ रोड स्थित रामोजी रिजॉर्ट्स में एक भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। ब्रज कला केंद्र और ज्ञान कला संजीवनी समिति के तत्वावधान में आयोजित यह गरिमामयी कार्यक्रम स्वर्गीय लवानिया के सुपुत्र प्रगलभ लवानिया (असिस्टेंट कमिश्नर, एक्साइज) और ललित लवानिया (सीनियर मैनेजर, एचआर) के मार्गदर्शन में संपन्न होगा। इस विशेष साहित्यिक संध्या का सफल संयोजन उनकी पुत्रवधू डॉ. प्रीति लवानिया (प्रसिद्ध न्यूज़ एंकर एवं सचिव, ज्ञान कला संजीवनी समिति) द्वारा किया जा रहा है, जो स्वर्गीय डॉ. लवानिया की साहित्यिक विरासत को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

इस अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में काव्य जगत के शीर्ष हस्ताक्षर अपनी प्रस्तुति देंगे, जिनमें प्रमुख रूप से इंदौर के अमन अक्षर, मैनपुरी के बलराम श्रीवास्तव, हरियाणा के अनिल अग्रवंशी और बुलंदशहर के डॉ. अर्जुन सिसोदिया शामिल हैं। इनके साथ ही डॉ. रुचि चतुर्वेदी (आगरा), श्रद्धा शौर्य (नागपुर), अनुराग मिश्रा (अंबेडकर नगर) और टूंडला के लटूरी लट्टू जैसे नामचीन कवि अपनी रचनाओं से हाथरस के साहित्य प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हाथरस के वरिष्ठ साहित्यकार आशु कवि अनिल बोहरे करेंगे, जबकि मंच पर प्रशासनिक और सामाजिक जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिंह, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित और उप जिलाधिकारी सदर राज बहादुर सिंह उपस्थित रहेंगे। इनके अतिरिक्त विद्युत विभाग, जीएसटी, आयकर और पर्यटन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी तथा ब्रज कला केंद्र के राष्ट्रीय पदाधिकारी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। कार्यक्रम के सहसंयोजक और ब्रज कला केंद्र के अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने हाथरस के समस्त प्रबुद्धजनों, समाजसेवियों और काव्य प्रेमियों से अपील की है कि वे इस भव्य आयोजन में पधारकर डॉ. लवानिया जी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करें और इस ऐतिहासिक काव्य संध्या के साक्षी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page